रायपुर, 16 मई (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक लेकर बस्तर में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की तैयारियों की समीक्षा की। यह महत्वपूर्ण बैठक 19 मई को केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
बैठक में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों और तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री ने सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य क्षेत्रीय परिषद राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन चुकी है। उन्होंने कहा कि परिषद से जुड़े राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है, जो आपसी सहयोग और सौहार्द का सकारात्मक उदाहरण है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापना के बाद इस आयोजन से बस्तर के बदलते माहौल और विकास की नई संभावनाओं को देश के सामने प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के कारण बस्तर में शांति का वातावरण बना है और अब क्षेत्र तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।




