नई दिल्ली, 02 जून (वेब वार्ता)। आईपीएल का हालिया सत्र वैभव सूर्यवंशी के लिए यादगार साबित हुआ। शानदार बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए और पूरे सत्र में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। अब आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद उनकी नजरें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने पर होंगी, जहां वह जल्द ही इंडिया ए टीम की जर्सी में मैदान पर उतरते दिखाई देंगे।
वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सत्र में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इसके साथ ही उन्होंने 72 छक्के लगाकर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें सत्र का सबसे मूल्यवान खिलाड़ी भी चुना गया। उनके शानदार खेल ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें आगामी ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में जगह मिली है।
9 जून से शुरू होगी ट्राई सीरीज
इंडिया ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच होने वाली ट्राई सीरीज का आयोजन श्रीलंका में किया जाएगा। प्रतियोगिता की शुरुआत 9 जून से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाएगा।
भारत ए टीम अपना पहला मुकाबला 9 जून को श्रीलंका ए के खिलाफ डाम्बुला में खेलेगी। इसके बाद 11 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ मैदान में उतरेगी। प्रतियोगिता के प्रारूप के अनुसार प्रत्येक टीम एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मुकाबले खेलेगी।
इंडिया ए का पूरा कार्यक्रम
- 9 जून – इंडिया ए बनाम श्रीलंका ए
- 11 जून – इंडिया ए बनाम अफगानिस्तान ए
- 15 जून – इंडिया ए बनाम श्रीलंका ए
- 17 जून – इंडिया ए बनाम अफगानिस्तान ए
- 21 जून – फाइनल मुकाबला
तिलक वर्मा के हाथों में कप्तानी
ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम की कमान तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ को उपकप्तान बनाया गया है। युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन वाली इस टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
इंडिया ए टीम का दल
तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान और अनुकूल रॉय।
आईपीएल में अपने बल्ले से तहलका मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी पर अब सभी की निगाहें होंगी। क्रिकेट प्रेमी यह देखने को उत्सुक हैं कि घरेलू और लीग क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाला यह युवा बल्लेबाज इंडिया ए टीम के लिए किस तरह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करता है।




