नई दिल्ली, 13 मई (वेब वार्ता)। पंजाब किंग्स के युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से नया इतिहास रच दिया है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने 33 गेंदों में 56 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। खास बात यह रही कि उनके सभी छक्के पावरप्ले के दौरान आए, जिसके साथ उन्होंने एक सीजन के पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में कई दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया।
प्रियांश आर्या ने इस सीजन अब तक 10 पारियों में 342 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं और वह लगातार आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लगाया गया अर्धशतक उनका तीसरा अर्धशतक था। इस सीजन में वह अब तक 23 चौके और 32 छक्के जड़ चुके हैं, जिनमें से 26 छक्के केवल पावरप्ले में आए हैं।
पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में प्रियांश आर्या ने यशस्वी जायसवाल, ट्रेविस हेड और सनथ जयसूर्या जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। पिछले सीजन में यशस्वी जायसवाल ने पावरप्ले में 22 छक्के लगाए थे, जबकि ट्रेविस हेड और सनथ जयसूर्या भी इसी आंकड़े तक पहुंचे थे। अब प्रियांश आर्या 26 छक्कों के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वैभव सूर्यवंशी फिलहाल शीर्ष पर हैं। उन्होंने जारी सीजन में 32 छक्के लगाए हैं। उनके बाद अभिषेक शर्मा 29 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ प्रियांश आर्या ने केवल 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था और यह उपलब्धि भी पावरप्ले के भीतर हासिल हुई। आईपीएल में यह तीसरी बार है जब उन्होंने पावरप्ले में ही अर्धशतक जमाया है। इस रिकॉर्ड के साथ उन्होंने केएल राहुल, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और ऋद्धिमान साहा जैसे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है।
आईपीएल इतिहास में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में वैभव सूर्यवंशी 4 अर्धशतकों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि प्रियांश आर्या अब 3 अर्धशतकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी लगातार आक्रामक बल्लेबाजी पंजाब किंग्स के लिए इस सीजन में सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है।




