ढाका, 15 मई (वेब वार्ता)। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले में हार झेलने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की ओर से बड़ा झटका लगा है। धीमी ओवर गति के कारण आईसीसी ने पाकिस्तान टीम पर कड़ी कार्रवाई करते हुए खिलाड़ियों की 40 प्रतिशत मैच फीस काटने के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 8 अंकों का दंड भी लगाया है।
ढाका में खेले गए दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के पहले मुकाबले में पाकिस्तान को बांग्लादेश के हाथों 104 रन से हार का सामना करना पड़ा था। अब इस हार के बाद टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। आईसीसी ने आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पाकिस्तान निर्धारित समय के भीतर पूरे ओवर फेंकने में विफल रहा, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
आईसीसी के अनुसार पाकिस्तान टीम निर्धारित समय से 8 ओवर पीछे रही। खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ से संबंधित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत प्रत्येक ओवर कम रहने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इसी आधार पर पाकिस्तान टीम की कुल 40 प्रतिशत मैच फीस काटी गई है।
इसके अलावा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की खेल शर्तों के अनुच्छेद 16.11.2 के अनुसार हर ओवर कम रहने पर टीम को एक अंक गंवाना पड़ता है। इस नियम के तहत पाकिस्तान के 8 अंक काट लिए गए हैं। इस दंड के बाद पाकिस्तान अब विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में केवल चार अंकों के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गया है। टीम अब केवल वेस्टइंडीज से ऊपर बनी हुई है।
यह जुर्माना एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रो द्वारा लगाया गया। वहीं मैदान पर मौजूद अंपायर रिचर्ड केटलबरो, कुमार धर्मसेना, तीसरे अंपायर अल्लाहुद्दीन पालेकर और चौथे अंपायर गाजी सोहेल ने पाकिस्तान के खिलाफ यह आरोप दर्ज किए थे।
पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने टीम की गलती स्वीकार करते हुए प्रस्तावित सजा को मान लिया, जिसके बाद औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जैसे बड़े टूर्नामेंट में अंक कटना पाकिस्तान के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है, क्योंकि शुरुआती चरण में ही टीम पर दबाव बढ़ गया है।




