Sunday, February 15, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सन ने मुर्मु से की मुलाकात

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। भारत की यात्रा पर आये न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री लक्सन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए श्रीमती मुर्मु ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं, जो लोकतंत्र, कानून के शासन और लोगों के बीच मजबूत संबंधों में निहित साझा मूल्यों पर आधारित हैं।

राष्ट्रपति ने पिछले वर्ष अगस्त में न्यूजीलैंड की राजकीय यात्रा को याद किया और कहा कि न्यूजीलैंड की प्राकृतिक सुंदरता और इसके लोगों की सांस्कृतिक विविधता ने उनके मन पर अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि शैक्षिक आदान-प्रदान भारत-न्यूजीलैंड संबंधों का एक महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने संस्थागत आदान-प्रदान, भारत में न्यूजीलैंड के विश्वविद्यालयों द्वारा परिसरों की स्थापना और दोहरी डिग्री के माध्यम से दोनों देशों के बीच शैक्षिक सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों के विकास पर भी संतोष व्यक्त किया, जिसमें सीमा शुल्क, बागवानी, वानिकी, आपदा प्रबंधन और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर शामिल हैं।

राष्ट्रपति ने न्यूजीलैंड की प्रगति में प्रतिभाशाली और मेहनती भारतीय समुदाय के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।

दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि राष्ट्रपति की न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा और प्रधानमंत्री लक्सन की यात्रा के दौरान आज घोषित महत्वपूर्ण परिणाम भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी को सकारात्मक गति प्रदान करेंगे।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img
Webvarta Job Post Add