लखनऊ / देहरादून, अजय कुमार | वेब वार्ता
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती रैली आगामी 18 फरवरी 2026 को लखनऊ में आयोजित की जाएगी। यह रैली रिक्रूटिंग ज़ोन उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के अंतर्गत रिक्रूटिंग ऑफिस (हेडक्वार्टर), लखनऊ द्वारा एएमसी सेंटर और कॉलेज, लखनऊ छावनी स्थित एएमसी स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में भर्ती रैलियों की श्रृंखला की छठी रैली
यह रैली उत्तर प्रदेश में आयोजित भर्ती रैलियों की श्रृंखला की छठी रैली होगी और एक दिवसीय होगी। इसमें वे सभी अभ्यर्थी शामिल होंगी जिन्होंने जुलाई 2025 में आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है।
इस रैली में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों से लगभग 1,000 शॉर्टलिस्ट की गई महिला अभ्यर्थी हिस्सा लेंगी। सभी चयनित उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड उनके पंजीकृत ईमेल पर भेजे जा चुके हैं। अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे एएमसी सेंटर और कॉलेज स्टेडियम, लखनऊ में सुबह 04:00 बजे रिपोर्ट करें।
अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश
सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षणों की तैयारी पूर्व निर्धारित मानकों के अनुसार करें। रैली के दौरान उन्हें सभी आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे।
साथ ही, उम्मीदवारों को चेतावनी दी गई है कि वे किसी भी दलाल या गलत व्यक्ति के झांसे में न आएं। भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता-आधारित होती है। चयन केवल उनकी मेहनत और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
संदेह की स्थिति में करें संपर्क
भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी समस्या या भ्रम की स्थिति में अभ्यर्थी सीधे रिक्रूटिंग ऑफिस (हेडक्वार्टर), लखनऊ से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि ऐसा करने से आगे किसी भी प्रकार की असुविधा या गलतफहमी से बचा जा सकेगा।
- अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती रैली 18 फरवरी को लखनऊ में।
- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लगभग 1,000 अभ्यर्थी लेंगी हिस्सा।
- सुबह 4 बजे एएमसी स्टेडियम, लखनऊ में रिपोर्ट करेंगी अभ्यर्थी।
- सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी।








