पत्रकारों की समस्याओं पर कपिल मिश्रा से मुलाकात, मीडिया कॉफी होम शुरू करने की मांग

- Advertisement -

नई दिल्ली, 16 मई (वेब वार्ता)। वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया की दिल्ली प्रदेश इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी में पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के लिए मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा ने किया। उनके साथ प्रदेश महासचिव देवेंद्र पंवार, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र भदौरिया, प्रचार मंत्री जगजीत सिंह और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आईटीओ स्थित ‘मीडिया कॉफी होम’ को दोबारा शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। संगठन की ओर से मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि यह सुविधा पूर्व में भाजपा सरकार के कार्यकाल में पर्यटन मंत्रालय के अधीन संचालित होती थी, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। वर्तमान में वहां अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं।

संदीप शर्मा ने कहा कि आईटीओ राजधानी का प्रमुख मीडिया केंद्र है, जहां विभिन्न समाचार संस्थानों के कार्यालय स्थित हैं। दूर-दराज से समाचार संकलन के लिए आने वाले पत्रकारों के पास बैठकर कार्य करने और आपसी संवाद के लिए कोई समुचित स्थान उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि मीडिया कॉफी होम दोबारा शुरू होने से बड़ी संख्या में पत्रकारों को सुविधा मिलेगी और यह राजधानी में मीडिया कर्मियों के लिए एक उपयोगी केंद्र साबित होगा।

प्रदेश महासचिव देवेंद्र पंवार ने बताया कि मंत्री कपिल मिश्रा ने पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मीडिया कॉफी होम के प्रस्ताव पर पर्यटन विभाग से रिपोर्ट मंगाने और आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकार सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा और प्रेस क्लब जैसी सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा की। संगठन की ओर से कहा गया कि पत्रकारों के कल्याण के लिए अलग-अलग प्रकोष्ठ बनाए जाने की आवश्यकता है, ताकि विभिन्न स्तरों पर कार्यरत मीडियाकर्मियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।

वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया की दिल्ली इकाई ने हाल ही में आईटीओ स्थित मिलाप भवन में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया था कि पत्रकारों की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय उपाध्याय, उपाध्यक्ष संजय सक्सेना और राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र भंडारी के मार्गदर्शन में विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -