अंतर्राष्ट्रीयलंदन ट्रेन हादसे में एक चालक की मौत,...

लंदन ट्रेन हादसे में एक चालक की मौत, 89 घायल; यात्रियों ने बताया भयावह मंजर

लंदन, 20 जून (वेब वार्ता)। ब्रिटेन में लंदन के उत्तर में स्थित बेडफोर्ड के निकट दो यात्री ट्रेनों की भीषण टक्कर में एक ट्रेन चालक की मौत हो गई, जबकि 89 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों ने इस दुर्घटना को किसी बड़े विस्फोट जैसा भयावह बताया।

स्थानीय समयानुसार शुक्रवार शाम लगभग पांच बजकर पंद्रह मिनट पर बेडफोर्ड और ल्यूटन के बीच यह दुर्घटना हुई। दोनों ट्रेनें लंदन के सेंट पैनक्रास स्टेशन की ओर जा रही थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं, वायु एम्बुलेंस और विशेष बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए।

अधिकारियों के अनुसार हादसे में कुल 89 लोग घायल हुए हैं। इनमें 11 लोगों की हालत अत्यंत गंभीर बताई गई है, जबकि 22 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। शेष यात्रियों को मामूली चोटों के बाद प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

हादसे में बच गए यात्रियों ने उस भयावह क्षण का वर्णन करते हुए बताया कि टक्कर से पहले किसी प्रकार की चेतावनी नहीं मिली थी। एक यात्री डॉ. पीट नैप ने कहा कि अचानक हुए जोरदार झटके के बाद लोग अपनी सीटों से उछल गए और डिब्बे में धुआं भर गया। उन्होंने बताया कि कई यात्री रो रहे थे, कुछ लोग बोल भी नहीं पा रहे थे और कई के पैरों में गंभीर चोटें आई थीं।

डॉ. नैप ने कहा कि दुर्घटना के बाद उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे किसी बम विस्फोट का शिकार हो गए हों। चारों ओर धुआं था, सीटें बिखरी हुई थीं और कई यात्रियों के चेहरे खून से सने हुए थे। उन्होंने बताया कि शुरुआती क्षणों में उन्हें किसी आतंकी हमले की आशंका हुई और इसलिए वह तुरंत ट्रेन से बाहर निकलने का प्रयास करने लगे।

एक अन्य यात्री शोला मेने ने बताया कि टक्कर के बाद लोगों के शरीर हवा में उछलकर दूर जा गिरे। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद डिब्बे के भीतर खून और घायल यात्रियों का दर्दनाक दृश्य दिखाई दे रहा था। कई लोगों के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें थीं।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक चालक के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए बचाव एवं राहत कार्य में जुटी टीमों की सराहना की।

रेल कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों ने पुष्टि की कि हादसे में जान गंवाने वाला व्यक्ति ट्रेन चालक था, जो पहले संगठन का प्रतिनिधि भी रह चुका था। उसके निधन पर रेल क्षेत्र से जुड़े संगठनों ने शोक व्यक्त किया है।

रेल परिचालन कंपनी ने बताया कि दुर्घटना में कॉरबी से लंदन जा रही एक ट्रेन और नॉटिंघम से लंदन जा रही दूसरी ट्रेन शामिल थी। हादसे के बाद लंदन सेंट पैनक्रास से आने-जाने वाली सभी रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।

इस बीच दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां तकनीकी और परिचालन संबंधी सभी पहलुओं की समीक्षा कर रही हैं ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -