मुंबई, 16 जुलाई (वेब वार्ता)। संगीतकार अमाल मलिक ने अभिनेता सलमान खान के चर्चित गीत ‘मैं हूं हीरो तेरा’ से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में प्रदर्शित फिल्म हीरो के इस लोकप्रिय गीत को सलमान खान ने केवल गायक के रूप में नहीं, बल्कि फिल्म और उसके नए कलाकारों का समर्थन करने के उद्देश्य से अपनी आवाज दी थी।
एक साक्षात्कार में अमाल मलिक ने बताया कि इस गीत का मूल संस्करण उनके भाई अरमान मलिक ने गाया था। फिल्म का प्रचार प्रारंभ होने के साथ ही यह संस्करण दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया था। हालांकि फिल्म की रिलीज के समय मुख्य कलाकार सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी को लेकर नकारात्मक चर्चाएं तेज थीं।
अमाल मलिक के अनुसार, इसी दौरान सलमान खान ने कहा कि लोगों का ध्यान नकारात्मक चर्चाओं से हटाकर फिल्म की ओर आकर्षित करने के लिए उन्हें कुछ अलग करना चाहिए। उन्होंने स्वयं यह गीत गाने का निर्णय लिया ताकि फिल्म के अंत में जब नए कलाकारों को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाए, तब माहौल सकारात्मक बन सके।
अमाल मलिक ने कहा कि सलमान खान हमेशा नए कलाकारों और सहयोगियों का समर्थन करने के लिए आगे रहते हैं। उनके अनुसार, इस निर्णय से फिल्म को अतिरिक्त चर्चा मिली और दर्शकों का ध्यान विवादों के बजाय गीत और फिल्म की ओर गया।
संगीतकार ने यह भी बताया कि सलमान खान स्वयं को कभी पेशेवर गायक नहीं मानते थे। रिकॉर्डिंग के दौरान वह अक्सर कहते थे कि वह गायक नहीं हैं और गीत की गुणवत्ता का अंतिम निर्णय संगीतकार को ही करना चाहिए। अमाल मलिक के अनुसार, सलमान खान का यह निर्णय अंततः सफल साबित हुआ और उनका संस्करण भी श्रोताओं के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ।
उन्होंने बताया कि इस गीत की रिकॉर्डिंग का अनुभव भी काफी अलग रहा। ‘मैं हूं हीरो तेरा’ की रिकॉर्डिंग आठ अलग-अलग स्थानों पर की गई थी। पहला सत्र संगीतकार हिमेश रेशमिया के स्टूडियो में हुआ, जबकि दूसरा यशराज स्टूडियो में आयोजित किया गया। इसके बाद रिकॉर्डिंग सलमान खान के फार्महाउस और एक फिल्म के सेट सहित अन्य स्थानों पर भी जारी रही।
अमाल मलिक ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर रिकॉर्डिंग होने के बावजूद हर बार एक ही माइक्रोफोन का उपयोग किया गया, ताकि सलमान खान की आवाज का स्वर और गुणवत्ता सभी रिकॉर्डिंग सत्रों में समान बनी रहे।
गौरतलब है कि फिल्म हीरो के इस गीत को अमाल मलिक ने संगीतबद्ध किया था, जबकि इसके बोल गीतकार कुमार ने लिखे थे। यह गीत दो संस्करणों में जारी किया गया था। पहला संस्करण अरमान मलिक की आवाज में और दूसरा सलमान खान की आवाज में, जिसे दर्शकों ने भी भरपूर सराहना दी थी।




