लुधियाना, 19 मई (वेब वार्ता)। पंजाब के लुधियाना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंजाबी गायिका इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की हत्या कर दी गई है। करीब छह दिन पहले कथित रूप से गन प्वाइंट पर अपहरण के बाद अब उनका शव नीलो नहर से बरामद हुआ है। परिवार ने शव की पहचान कर ली है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शव को फिलहाल समराला के सिविल अस्पताल में रखा गया है। मृतका के भाई जोतइंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने 15 मई को मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
परिवार का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। जोतइंदर सिंह के मुताबिक, 13 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे उनकी बहन अपनी फोर्ड फिगो कार से बाजार में घरेलू सामान लेने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।
जांच के दौरान परिवार को पता चला कि यशइंदर कौर की पहचान मोगा जिले के गांव भलूर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा से थी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी उनसे शादी करना चाहता था, लेकिन इंदर कौर ने इससे इनकार कर दिया था। इसी नाराजगी में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर उनका गन प्वाइंट पर अपहरण किया और बाद में हत्या कर दी।
परिवार का यह भी दावा है कि आरोपी सुखविंदर सिंह कनाडा में रहता था और कुछ समय पहले ही पंजाब आया था। हत्या के बाद उसके दोबारा कनाडा फरार होने की आशंका जताई जा रही है।
मामले में थाना जमालपुर के प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को नीलो नहर में शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पहचान के लिए परिवार को बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान यशइंदर कौर के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और संगीत जगत में शोक और आक्रोश का माहौल है।




