मनोरंजनअभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति और फिल्म निर्माता...

अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति और फिल्म निर्माता जयंत मुखर्जी का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार

मुंबई, 13 नवंबर (वेब वार्ता)। दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति और फिल्म निर्माता-संगीतकार जयंत मुखर्जी का गुरुवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) के बी. एन. तिवारी ने उनके निधन की खबर की पुष्टि की। जयंत मुखर्जी के निधन से फिल्म और टेलीविजन जगत में शोक की लहर है।

जयंत मुखर्जी दिग्गज गायक और संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे। उन्हें परिवार वाले और दोस्त प्यार से ‘बाबू’ कहकर बुलाते थे। वह फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से जुड़े रहे और निर्माता के तौर पर काम किया। उनके फिल्मी सफर में साल 1975 में आई फिल्म ‘मजाक’ और 1979 की फिल्म ‘दो लड़के दोनों कड़के’ शामिल हैं। इसके अलावा, वह 1992 में आए टीवी सीरियल ‘तलाश’ से भी जुड़े रहे।

जयंत और मौसमी चटर्जी की शादी को पांच दशक से ज्यादा समय हो चुका था। दोनों ने कम उम्र में शादी की थी। मौसमी ने इसी साल एक इंटरव्यू में अपनी शादी के शुरुआती दिनों को याद किया था।

उन्होंने बताया था कि जब वह दसवीं कक्षा में थीं, तभी उनकी सगाई तय कर दी गई थी और इसके कुछ समय बाद ही शादी हो गई थी। शादी के बाद दोनों मुंबई आ गए, जहां मौसमी ने अपने अभिनय करियर को आगे बढ़ाया।

इस दंपति की दो बेटियां मेघा मुखर्जी और पायल मुखर्जी थीं। हालांकि, परिवार को दिसंबर 2019 में बड़ा झटका लगा, जब उनकी बड़ी बेटी पायल का 45 साल की उम्र में निधन हो गया। पायल लंबे समय से जुवेनाइल डायबिटीज से जूझ रही थीं। बीमारी के कारण वह लंबे समय तक कोमा में भी रही थीं। साल 2017 से उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

बेटी की बिगड़ती सेहत को देखते हुए मौसमी और जयंत ने साल 2018 में बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था। दोनों ने अपनी बेटी की देखभाल और उसके इलाज से जुड़े फैसले लेने के लिए उसके कानूनी अभिभावक बनने की मांग की थी।

वहीं, मौसमी चटर्जी की बात करें तो वह हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्रियों में शामिल रही हैं। उन्होंने बहुत कम उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। उनकी पहली बंगाली फिल्म ‘बालिका बधू’ थी, जिससे उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘अनुराग’, ‘नैना’, ‘कच्चे धागे’, ‘बेनाम’, ‘हमशक्ल’ और ‘रोटी कपड़ा और मकान’ जैसी फिल्मों में काम किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -