खेलदूसरा टेस्ट: 33.3 ओवरों में बांग्लादेश सिर्फ 91...

दूसरा टेस्ट: 33.3 ओवरों में बांग्लादेश सिर्फ 91 रन पर ढेर, साउथ अफ्रीका ने बनाई मैच में पकड़

सेंचुरियन, 24 नवंबर (वेब वार्ता)। साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ सुपर स्पोर्ट पार्क में जारी दूसरे टेस्ट मुकाबले में अपनी पकड़ बना ली है। बारिश से प्रभावित मुकाबले के पहले दिन बांग्लादेश को महज 91 रन पर ढेर करने के बाद साउथ अफ्रीका ने 1 विकेट खोकर 88 रन बना लिए हैं।

सेंचुरियन में बारिश के कारण टॉस में काफी देरी हुई, जिसके चलते पूरे दिन में सिर्फ 50.3 ओवर फेंके जा सके। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 33.3 ओवरों का सामना कर सकी।

मेहमान टीम की शुरुआत खराब रही। तंजीद हसन तमीम (3) उस समय आउट हुए, जब टीम के खाते में सिर्फ 6 रन जुड़े थे। इसके बाद मोमिनुल हक ने टीम को संभालने की कोशिश की। उन्होंने महफिजुल इस्लाम (23) के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की, जिसके बाद छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 60 के स्कोर तक पहुंचाया। मोमिनुल 2 चौकों के साथ 18 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद तौहीद हिरदॉय (19) ने लिटन दास (8) के साथ पांचवें विकेट के लिए 13 रन, जबकि जाकिर अली (1) के साथ छठे विकेट के लिए 12 रन जोड़े, लेकिन पूरी टीम 91 रन पर ढेर हो गई। विपक्षी खेमे से कगिसो रबाडा ने 23 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि मार्को जानसेन ने 17 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इनके अलावा, एनरिक नॉर्त्जे ने 2 विकेट अपने नाम किए।

इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने दिन की समाप्ति तक 17 ओवरों का सामना किया। सलामी बल्लेबाज के तौर पर कप्तान एडेन मार्करम ने मार्केस एकरमैन के साथ पहले विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। मार्करम 23 गेंदों में 5 चौकों के साथ 21 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद एकरमैन ने जुबैर हमजा के साथ दूसरे विकेट के लिए 39 रन की अटूट साझेदारी करते हुए पारी को मजबूती दी। फिलहाल एकरमैन 7 चौकों के साथ 46 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि जुबैर 9 रन टीम के खाते में जोड़ चुके हैं। बांग्लादेश की तरफ से एकमात्र विकेट इबादत हुसैन को हाथ लगा है।

साउथ अफ्रीका ने जोहान्सबर्ग में खेले गए टेस्ट सीरीज के पहले मैच को 9 विकेट से अपने नाम किया था। ऐसे में सीरीज का दूसरा मुकाबला निर्णायक बन गया है, जिसे जीतकर मेजबान टीम 2-0 से ‘क्लीन स्वीप’ करना चाहेगी। वहीं, बांग्लादेश इस मुकाबले को अपने नाम करते हुए टेस्ट सीरीज 1-1 से ड्रॉ करवाना चाहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -