खेलमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स: श्रीलंका-ए ने बांग्लादेश-ए...

मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स: श्रीलंका-ए ने बांग्लादेश-ए को 7 विकेट से हराया, सेमीफाइनल में पहुंचीं दोनों टीमें

दोहा, 24 नवंबर (वेब वार्ता)। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में सोमवार को श्रीलंका-ए ने बांग्लादेश-ए के खिलाफ 7 विकेट से जीत हासिल की। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले से पहले ही ग्रुप-ए से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमें तय थीं।

श्रीलंका-ए तीनों मैच जीतकर ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर रही, जबकि बांग्लादेश-ए ने 3 में से 2 मैच गंवाने के बाद दूसरा स्थान हासिल किया। अफगानिस्तान-ए और हांग कांग, चीन क्रमश: तीसरे और चौथे पायदान पर रही। श्रीलंकाई टीम 26 नवंबर को ग्रुप-बी में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी, जबकि बांग्लादेशी टीम 27 नवंबर को ग्रुप-बी की शीर्ष टीम का सामना करेगी।

ग्रुप-बी से पाकिस्तान-ए शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर फिलहाल टॉप पर है, जबकि भारत-ए 2 में से 1 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर है। नेपाल ने भी 2 में से 1 मुकाबला अपने नाम किया है। यह टीम तीसरे स्थान पर है, जबकि यूएई शुरुआती दोनों मैच गंवाने के बाद चौथे पायदान पर मौजूद है।

सोमवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम 42.5 ओवरों में सिर्फ 145 रन पर सिमट गई। इस टीम को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। कप्तान सैफ हसन ने परवेज हुसैन इमोन के साथ पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। परवेज 29 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सैफ ने शहादत हुसैन के साथ दूसरे विकेट के लिए 22 रन जोड़े।

इस टीम को 12.6 ओवर में शहादत (13) के रूप में दूसरा झटका लगा, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। आलम ये रहा कि महज 100 के स्कोर तक 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। यहां से इफ्तखार हुसैन इफ्ती (31) ने समीउन बसीर रतुल (10) के साथ छठे विकेट के लिए 19 रन, जबकि मोहम्मद रिजवान (15) के साथ सातवें विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को सम्मानजनक स्कोर तक नहीं पहुंचा सके।

विपक्षी खेमे से रविंदु फर्नांडो ने 30 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि वानुजा साहन ने 3 विकेट निकाले। इनके अलावा, 2 विकेट विजयकांत वियास्कंत के हाथ लगे।

इसके जवाब में श्रीलंका-ए की टीम ने सिर्फ 21.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। लसिथ क्रूसपुले ने सिनेथ जयवर्धने के साथ पहले विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी की। जयवर्धने 11 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद क्रूसपुले ने निशान मदुष्का के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़े।

क्रूसपुले ने 27 गेंदों में 29 रन की पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे। इसके बाद निशान मदुष्का ने पवन रत्नायके के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 गेंदों में 81 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। मदुष्का 59 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 51 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रत्नायके ने 36 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 45 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से रकीबुल हसन, समीउन बसीर रतुल और अफीफ हुसैन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -