गर्दा नदी से पवित्र जल भरकर धाम पहुंचे श्रद्धालु, दतिया के विद्वान आचार्यों के सानिध्य में शुरू हुए वैदिक अनुष्ठान
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)तहसील शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम गुजीदेई स्थित नर्मदेश्वर धाम में भगवान नर्मदेश्वर के त्रिदिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे गांव को शिवमय कर दिया। पीत वस्त्र धारण किए श्रद्धालुओं की टोली, गाजे-बाजे की मधुर धुन और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो उठा।
वैदिक विधि-विधान के अंतर्गत भगवान नर्मदेश्वर के जलाधिवास संस्कार के लिए पवित्र जल लाने के उद्देश्य से कलश यात्रा नर्मदेश्वर धाम से प्रारंभ हुई। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए गर्दा नदी के पावन तट पर पहुंचे। वहां विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नदी पूजन संपन्न कराया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने कलशों में पवित्र जल भरकर पुनः धाम की ओर प्रस्थान किया। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धा और आस्था का ऐसा संगम दिखाई दिया, मानो गांव की गलियों से होकर शिवभक्ति की अविरल धारा प्रवाहित हो रही हो।
नर्मदेश्वर धाम में आयोजित इस त्रिदिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन यजमान नीरज त्रिवेदी द्वारा किया जा रहा है, जबकि संपूर्ण आयोजन का व्यवस्थापन लक्ष्मीकान्त पाठक के निर्देशन में किया जा रहा है। अनुष्ठान को शास्त्रोक्त परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराने के लिए दतिया, मध्यप्रदेश से पधारे प्रख्यात विद्वान पंडित ललित बिहारी व्यास, पंडित अच्युत शुक्ला एवं मयंक चतुर्वेदी का सानिध्य प्राप्त हो रहा है। आचार्यों के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई।
महोत्सव को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। आयोजन में उत्कर्ष त्रिवेदी, शोभित त्रिवेदी, शांतनु त्रिवेदी, निशांत त्रिवेदी, ऋषिकान्त पाठक, रमाकांत, करुणाशंकर, श्याम देव पाठक, सत्यम मिश्रा, नीरज श्रीवास्तव, उमेश त्रिवेदी तथा रामकिशोर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




