तीन दशक के इतिहास में दर्ज हुआ नया अध्याय, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र के सहयोग पर अधिवक्ता समाज ने जताया आभार
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता)सार्वजनिक जीवन में किसी व्यक्ति की पहचान केवल उसके पद और प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि समाज के प्रति उसके सहयोग और संवेदनशीलता से भी बनती है। इसी भावना का परिचय देते हुए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र ने शाहाबाद बार एसोसिएशन को 51 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की।
शाहाबाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, एसोसिएशन के तीन दशक के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब शाहाबाद की धरती पर किसी नेता अथवा जनप्रतिनिधि ने बार एसोसिएशन को इस प्रकार नकद आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। सौरभ मिश्र का यह योगदान अधिवक्ता समाज के लिए महज आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके प्रति सम्मान और सहभागिता का भाव भी है।
अधिवक्ता समाज ने इस सहयोग को सराहनीय बताते हुए सौरभ मिश्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बार एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच परस्पर सहयोग और सम्मान की परंपरा ही सामाजिक रिश्तों को मजबूती प्रदान करती है।
शाहाबाद बार एसोसिएशन ने श्री मिश्र के इस योगदान के लिए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया




