स्वरोजगार के अवसरों से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से होंगी सशक्त
हरदोई( वेबवार्ता)महिलाओं और युवतियों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भरता की राह दिखाने की दिशा में बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (बीओआई आरसेटी) ने पहल की है। संस्थान में बुधवार को 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ उपायुक्त स्वतः रोजगार निशांत राय ने किया।
उद्घाटन अवसर पर निशांत राय ने प्रशिक्षुओं से संवाद करते हुए कहा कि कौशल ही स्वरोजगार की मजबूत बुनियाद है। महिलाएं प्रशिक्षण के माध्यम से हुनर विकसित कर न केवल अपने लिए रोजगार के अवसर तलाश सकती हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम बन सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को आत्मविश्वास के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने और अपने कौशल को आजीविका का साधन बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं स्वरोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन भी दिया।
कार्यक्रम में आरसेटी हरदोई के निदेशक विक्रांत ओझा उपस्थित रहे। संस्थान की ओर से महिलाओं एवं युवतियों को विभिन्न रोजगारपरक विधाओं में प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। 35 दिवसीय यह प्रशिक्षण भी इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं, 35 दिवसीय बैच का शुभारंभ

- Advertisement -



