जिले के 19 हजार लोगों ने पूरी की स्वगणना, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान; सीडीओ नेहा ब्यडवाल ने जनपदवासियों से की सहभागिता की अपील
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता) जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच स्वगणना अभियान में हरदोई जनपद ने प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वगणना के मामले में हरदोई ने उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। जिले के करीब 19 हजार नागरिक अब तक स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं।
इस उपलब्धि से उत्साहित जिला प्रशासन ने शेष नागरिकों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जनगणना अधिकारी नेहा ब्यडवाल ने जनपदवासियों का आह्वान किया कि वे स्वगणना के माध्यम से अपनी पारिवारिक जानकारी स्वयं दर्ज करें और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बनें।
दरअसल, जनगणना की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से स्वगणना की व्यवस्था शुरू की गई है। इसके तहत नागरिक स्वयं अपनी तथा अपने परिवार की आवश्यक जानकारी निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से दर्ज कर सकते हैं। इससे न केवल प्रक्रिया में लोगों की प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित होगी, बल्कि जनगणना संबंधी कार्यों को भी अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
हरदोई में अभियान के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि का ही परिणाम है कि जनपद प्रदेश में दूसरे पायदान पर पहुंचा है। हालांकि, प्रशासन इस उपलब्धि को अंतिम पड़ाव नहीं मान रहा है, बल्कि अधिक से अधिक परिवारों को स्वगणना से जोड़ने की दिशा में प्रयासरत है।
गौरतलब है कि स्वगणना अभियान 16 नवंबर से प्रारंभ होकर 30 नवंबर तक चलेगा। ऐसे में नागरिकों के पास अभी अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कराने का अवसर है। जिला प्रशासन ने अपील की है कि निर्धारित समयसीमा का इंतजार किए बिना लोग स्वगणना पूरी करें, ताकि हरदोई प्रदेश में अपनी इस उपलब्धि को और बेहतर स्थान तक पहुंचा सके।




