सोनीपत (राजेश आहूजा) अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा द्वारा हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों व जिला अध्यक्षों की पहली सूची जारी कर दी गई है। 16 नवंबर को जारी इस सूची में सोनीपत जिले को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व देते हुए पांच महिला नेत्रियों को प्रदेश और जिला स्तर पर संगठन की कमान सौंपी गई है। इसमें पायल मलिक को सोनीपत शहरी महिला कांग्रेस का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई नियुक्तियों के बाद मंगलवार को सुभाष चौक स्थित कांग्रेस भवन में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान ने की। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी तथा ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंच पर शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान, प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया ने पायल मलिक सहित सभी नवनियुक्त महिला पदाधिकारियों को फूलमालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान ने कहा कि पायल मलिक एक कर्मठ और सक्रिय नेत्री हैं। उनकी शहरी महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष के रूप में नियुक्ति से शहर में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पायल मलिक के नेतृत्व में महिला कांग्रेस शहर के प्रत्येक वार्ड तक पहुंचेगी और महिलाओं से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मजबूती में मातृशक्ति की भूमिका हमेशा से निर्णायक रही है।
नवनियुक्त शहरी जिलाध्यक्ष पायल मलिक ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी और शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। पायल मलिक ने संकल्प लिया कि वे कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने और शहरी क्षेत्र की अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करेंगी। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन में मेहनती और जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिलाओं को आगे लाया गया है। सोनीपत जिले की टीम बेहद मजबूत बनी है, जो आगामी समय में पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
जिले की इन नेत्रियों को भी मिला संगठन में स्थान अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा जारी पहली सूची में सोनीपत की अन्य चार महिला नेत्रियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इनमें प्रमिला मलिक को सोनीपत ग्रामीण महिला कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा नीलम बाल्याण और डा. आरती गहलोत को हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस का उपाध्यक्ष तथा सीमा खासा को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को सम्मान देने के साथ उन्हें नेतृत्व के अवसर प्रदान किए हैं। शहरी और ग्रामीण स्तर पर इन नियुक्तियों से पार्टी की गतिविधियों में तेजी आएगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिला नेत्रियां मौजूद रहीं।
महिला कांग्रेस में सोनीपत को बड़ी जिम्मेदारी, पायल मलिक बनीं शहरी महिला जिलाध्यक्ष

- Advertisement -



