🙏 शाहजहांपुर जनपद के कलान थाना क्षेत्र के गांव जखिया के लाला मथुरा प्रसाद संस्कृत विद्यालय में मंगलवार सुबह 7वीं के छात्र अंकित (15) की संदिग्ध मौत हो गई। छात्र अचानक बेहोश होकर गिरा, परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जखिया निवासी प्रभुदयाल की पत्नी सरोजनी के तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा अंकित मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे रोज की तरह स्कूल गया था। साढ़े नौ बजे स्कूल से फोन आया कि अंकित बेहोश होकर गिर गया है। परिजन पहुंचे तो अंकित स्कूल में लेटा मिला।
🌹मां का आरोप- देर से पहुंचने पर की पिटाई
मां सरोजनी का आरोप है कि बेटा देर से स्कूल पहुंचा था, इसी पर टीचर ने उसकी पिटाई की। हालत बिगड़ने पर उसे बेंच पर लिटा दिया गया। दूसरे छात्रों को वहां से भेज दिया गया। इसके बाद स्टाफ ताला लगाकर चला गया। समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया, इसलिए बेटे की जान गई। सरोजनी ने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि बेटे को पानी पिलाया गया था या कुछ और दिया गया।
पिता प्रभुदयाल ने भी स्कूल प्रशासन की लापरवाही से जान जाने का आरोप लगाया है।
🌹सीओ ने की जांच, स्कूल का पक्ष नहीं आया
मामले की जानकारी पर सीओ परशुरामपुरी दीपक कुमार सिंह ने गांव और स्कूल पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि पूछताछ में छात्र के बेहोश होकर गिरने की बात सामने आई है। स्कूल के अंदर या बाहर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। टीचर के ताला डालकर भागने की बात भी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। जांच के बाद कार्रवाई होगी। पूरे मामले में अभी स्कूल प्रशासन की ओर से कोई पक्ष सामने नहीं आया है।




