राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कार्यशाला में किया स्व-गणना का शुभारम्भ, प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेब वार्ता) जनगणना-2027 के तहत हरदोई में स्व-गणना की प्रक्रिया सोमवार 16 नवंबर से शुरू हो गई। यह अभियान 30 नवंबर तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान आमजन अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां निर्धारित पोर्टल पर स्वयं दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना अभियान के शुभारम्भ पर कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानन्द सभागार में कार्यशाला एवं विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री उच्च शिक्षा विभाग रजनी तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र तथा अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने स्व-गणना के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार किए गए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करेंगे। इसके साथ ही स्व-गणना विषय पर तैयार की गई आकर्षक रंगोली का भी अतिथियों ने अवलोकन किया और उसकी सराहना की। कार्यशाला में उपस्थित लोगों को स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया समझाई गई तथा मौके पर ही स्व-गणना कराकर इसका व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश के भविष्य की नीतियों के निर्माण और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनसंख्या केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि देश के विकास की योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। यह गौरव की बात है कि इस बार लोगों को अपनी जनगणना स्वयं करने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य स्व-गणना की प्रक्रिया को समझना और उसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 30 नवंबर तक अपने परिवार एवं उससे संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां पोर्टल पर सही-सही दर्ज करें और डिजिटल माध्यम से जनगणना के कार्य में भागीदारी निभाएं।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने भी सभी से निर्धारित समय में स्व-गणना पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश के विकास की योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने व्यापक जनभागीदारी पर जोर देते हुए लोगों से समय रहते स्व-गणना करने का आह्वान किया।




