सोनीपत (राजेश आहूजा) इंडियन नेशनल लोकदल की युवा इकाई द्वारा सोनीपत में आयोजित युवा कार्यकर्ता बैठक में युवा इनेलो के राष्ट्रीय प्रभारी एवं युवा नेता करण सिंह चौटाला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। युवा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र राठी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा जिला अध्यक्ष विकास मलिक ने की। हजारों युवाओं की मौजूदगी ने सोनीपत में इनेलो की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और युवा शक्ति के उत्साह का संदेश दिया।
करण सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा का भविष्य युवाओं के हाथों में है और प्रदेश की राजनीति में वास्तविक बदलाव लाने के लिए युवाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदार बनाना जरूरी है। इनेलो ने फैसला किया है कि आगामी चुनावों में 50 प्रतिशत से अधिक टिकट युवाओं को दिए जाएंगे, ताकि युवा केवल चुनावी सभाओं में भीड़ का हिस्सा बनकर न रहें, बल्कि विधानसभा और लोकसभा तक पहुंचकर प्रदेश की नीतियां बनाने और हरियाणा का भविष्य संवारने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि इनेलो युवाओं को केवल राजनीतिक मंच देने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि उन्हें नेतृत्व करने और प्रदेश की बागडोर संभालने का अवसर भी प्रदान करती है।
भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए करण चौटाला ने कहा कि सत्ता का अहंकार किसी का भी स्थायी नहीं होता। इतिहास गवाह है कि अहंकार तो रावण का भी नहीं रहा, फिर भाजपा किस बात का अहंकार कर रही है? भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता होती है और जनता के फैसले के सामने सत्ता का हर अहंकार चूर-चूर हो जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता भाजपा के अहंकार को सबसे पहले तोड़ने का काम करेगी। जनता बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और युवाओं की अनदेखी का हिसाब आने वाले समय में वोट की ताकत से देगी। अब प्रदेश का युवा बदलाव चाहता है और इनेलो उस बदलाव की मजबूत आवाज बनकर उभरेगी।
कार्यक्रम के दौरान करण सिंह चौटाला ने सोनीपत जिले की विभिन्न बार एसोसिएशनों के चुनावों में जीत दर्ज करने वाले इनेलो समर्थित एडवोकेट अमित मलिक उपाध्यक्ष, सोनीपत बार एसोसिएशन, एडवोकेट राहुल हसीजा कोषाध्यक्ष, गोहाना बार एसोसिएशन, एडवोकेट योगेश उर्फ मोनू सचिव, गन्नौर बार एसोसिएशन, एडवोकेट सुजाता रानी संयुक्त सचिव, गन्नौर बार एसोसिएशन को सम्मानित किया और उनकी जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
आगामी चुनावों में 50 प्रतिशत से अधिक टिकट युवाओं को मिलेंगे: करण चौटाला

- Advertisement -



