कुशीनगर 12 नवंबर। कुशीनगर में नेपाल ने जिस भैरहवा और कुशीनगर के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है, उस पर दोनों देशों के बीच सहमति बनती है तो लंबे समय से नियमित उड़ानों की राह देख रहे कुशीनगर एयरपोर्ट को संजीवनी मिल सकती है। इससे एयरपोर्ट के संचालन को गति मिलने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी का एक नया अध्याय शुरू हो सकेगा।
भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली होने के कारण कुशीनगर का सीधा धार्मिक और पर्यटन संबंध नेपाल के लुंबिनी तथा भैरहवा क्षेत्र से है। भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधी उड़ान शुरू होने पर नेपाल आने वाले बौद्ध पर्यटकों के लिए कुशीनगर पहुंचना आसान होगा।
वहीं, कुशीनगर आने वाले विदेशी पर्यटकों को नेपाल के बौद्ध स्थलों तक पहुंचने का बेहतर विकल्प मिलेगा। कुशीनगर एयरपोर्ट पर नियमित उड़ानों का विस्तार लंबे समय से बड़ी चुनौती रहा है। ऐसे में भैरहवा से हवाई संपर्क शुरू होने पर यात्री आधार बढ़ने, पर्यटन कारोबार को गति मिलने और एयरपोर्ट की उपयोगिता बढ़ने की उम्मीद है।
यह पहल सिर्फ दो शहरों के बीच हवाई सेवा नहीं, बल्कि भारत-नेपाल के बौद्ध पर्यटन नेटवर्क को मजबूत करने और कुशीनगर एयरपोर्ट को नई उड़ान देने का अवसर भी बन सकती है। कुशीनगर एयरपोर्ट पिछले तीन वर्ष से पूरी तरह बंद चल रहा है।
नेपाल ने कुशीनगर-भैरहवा सीधी हवाई सेवा का प्रस्ताव दिया

- Advertisement -



