राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई: बेरियाघाट-राजघाट मेले की तैयारियों की डीएम ने...

हरदोई: बेरियाघाट-राजघाट मेले की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, दिये आवश्यक दिशा

निर्देशलक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई (वेबवार्ता)। बेरियाघाट और राजघाट मेले को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गुरुवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रांतीयकृत राजकीय मेला बेरियाघाट एवं राजघाट की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने मेला मार्गों पर सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने, यातायात सुचारु रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने तथा वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम को प्रभावी ढंग से संचालित कराने के निर्देश भी दिए।
घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर और रेस्क्यू टीम
श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इसके लिए पर्याप्त गोताखोरों की तैनाती के साथ नाव, मोटर बोट और रेस्क्यू टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। आपदा मित्रों की तैनाती करते हुए घाटवार टीमों का गठन करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र और चेंजिंग रूम स्थापित कराने तथा प्रमुख स्थानों पर सूचनात्मक फ्लेक्सी लगवाने को कहा। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और घाटों सहित पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ठंड के दृष्टिगत अलाव जलाने और पर्याप्त लकड़ी की व्यवस्था करने के साथ सड़कों के किनारे पेड़ों की छंटाई कराने को भी कहा, जिससे आवागमन में बाधा न आए।
श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पानी के टैंकर निर्धारित समय पर मेला क्षेत्र में पहुंचाने के निर्देश अधिशासी अधिकारियों को दिए गए।
सफाई और चिकित्सा सुविधाओं की भी होगी व्यवस्था
डीएम ने डीपीआरओ एवं अधिशासी अधिकारियों को मेला क्षेत्र में सेक्टरवार सफाई कर्मियों और सफाई नायकों की तैनाती कर नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। बेरियाघाट और राजघाट पर चिकित्सा शिविर स्थापित करने तथा चिकित्सकों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाने को कहा, जिससे जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, घाटों पर सतर्क निगरानी और भीड़ प्रबंधन के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी बिलग्राम नहने राम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -