लक्ष्मीकान्त पाठक | वेबवार्ता
हरदोई। जमीन के एक टुकड़े को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन नामजद आरोपियों को पुलिस निगरानी में रखा है।मामला बघौली थाना क्षेत्र के सिरदारपुरवा मजरा अडंगापुर का है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार 3 नवंबर को दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया। संघर्ष में राजेंद्र पुत्र रामप्रसाद समेत कई लोग घायल होगए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, नामजद तीनों आरोपी भी घायल हैं और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। तीनों को पुलिस निगरानी में रखा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के अस्पताल में भर्ती होने के कारण उन्हें पुलिस निगरानी में रखा गया है। प्रकरण में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हरदोई में जमीनी विवाद ने लिया खूनी रूप, मारपीट में एक की मौत

- Advertisement -



