लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार और उनके सपनों को आत्मनिर्भरता की उड़ान देने के उद्देश्य से हरदोई में बुधवार को तीन दिवसीय जनपद स्तरीय सरस मेले का शुभारंभ हुआ। दीपावली के अवसर पर श्रीशचन्द्र बारात घर में आयोजित मेले का उद्घाटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने फीता काटकर किया। उन्होंने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए।
राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन समूहों के माध्यम से महिलाएं अपने हुनर को रोजगार में बदलकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। उन्होंने जनसामान्य से सरस मेले में पहुंचकर महिलाओं द्वारा तैयार आकर्षक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही हैं। वे आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ परिवार की जिम्मेदारियों का भी बेहतर ढंग से निर्वहन कर रही हैं। सरस मेला उनके हुनर को पहचान दिलाने और उत्पादों की बिक्री के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है।
उपायुक्त एनआरएलएम निशांत राय ने बताया कि चार से छह नवंबर तक आयोजित यह मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले में ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार दीपावली के दीये, मोमबत्तियां, खाद्य सामग्री, सजावटी वस्तुओं सहित विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
मेले में कुल 25 स्टाल लगाए गए हैं। इनमें 19 स्टाल विभिन्न विकास खंडों के स्वयं सहायता समूहों के हैं, जबकि शेष स्टाल जिला उद्योग केंद्र, आईसीटी, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए हैं।
इस अवसर पर सदस्य विधान परिषद अशोक अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हरदोई में तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने किया उद्घाटन

- Advertisement -



