लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। दीपावली की मिठास में मिलावट का जहर घोलने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। त्योहार के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिलग्राम रोड स्थित एक मिठाई प्रतिष्ठान पर औचक छापेमारी कर 15 कुंतल संदिग्ध सोहनपापड़ी जब्त की। मौके से भारी मात्रा में सिंथेटिक रंग और अन्य मिलावटी पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक संदीप गुप्ता मौके से फरार हो गया।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त के निर्देश पर जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कुमार गुंजन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शंकर बक्शी पुरवा, बिलग्राम रोड स्थित संदीप गुप्ता के प्रतिष्ठान पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध सोहनपापड़ी मिली। विभागीय टीम ने मिठाई का नमूना संग्रहित करने के साथ ही मौके पर मौजूद करीब 15 कुंतल सोहनपापड़ी जब्त कर ली। प्रतिष्ठान से सिंथेटिक रंग और अन्य मिलावटी पदार्थ मिलने की भी जानकारी दी गई है।
विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक मौके से फरार हो गया। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में छापेमारी और नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




