लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। पारंपरिक माटीकला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए हरदोई की उद्यमी सुनीता ने मंडल स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। बिलग्राम तहसील की रहने वाली सुनीता पत्नी अरविंद कुमार को 31 अक्टूबर 2026 को मंडल स्तरीय माटीकला पुरस्कार योजना के तहत प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 15 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी सुष्मिता सिंह ने बताया कि परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, लखनऊ की ओर से आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में सुनीता को माटीकला के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए यह सम्मान दिया गया।
उन्होंने बताया कि माटीकला पुरस्कार योजना का उद्देश्य पारंपरिक माटीकला को बढ़ावा देना और इससे जुड़े कारीगरों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित कर उनके हुनर को पहचान दिलाना है। ऐसे सम्मान से पारंपरिक कला से जुड़े लोगों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें अपने व्यवसाय एवं हुनर को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है




