छठ महापर्व हमारी आस्था, श्रद्धा एवं समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक : विनय जायसवाल
कुशीनगर 29 अक्टूबर। कुशीनगर जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दृष्टिगत नगर पालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष श्री विनय जायसवाल ने नगर के छावनी स्थित श्री छठ घाट का निरीक्षण कर पर्व की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व के अवसर पर घाट की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, श्रद्धा एवं समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद की प्राथमिकता है। पर्व को देखते हुए घाटों पर स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका प्रशासन तत्पर है।
इस अवसर पर कुंदन कुमार, विशाल गुप्ता, विनय गौड़, सनी सिंह, स्नेहिल गुप्ता,अभय तिवारी, सालु पटेल, अलोक कुमार सहित अन्य सम्मानित जन उपस्थित रहे।




