लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। स्वगणना की प्रक्रिया और तैयारियों को लेकर सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पत्रकारों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों तथा जनगणना चार्ज अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने बताया कि नागरिक निर्धारित अवधि में जनगणना पोर्टल पर स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना पूरी होने के बाद एक आईडी नंबर प्राप्त होगा, जिसे प्रगणक के घर पहुंचने पर उन्हें उपलब्ध कराना होगा, ताकि जनगणना की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
उन्होंने सभी नागरिकों से स्वगणना की सुविधा का लाभ उठाने और जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और समाज के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण तथा बेहतर नीतिगत निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता राष्ट्र निर्माण की दिशा में अहम योगदान है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव ने स्वगणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान मास्टर ट्रेनर ने स्वगणना पोर्टल के उपयोग और ऑनलाइन विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया।




