कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में बुधवार को “साइलेंट स्पाइक डीलिंग विथ डेडली एब्रप्शन” विषय पर एक शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भावस्था की एक गंभीर एवं जीवन-घातक जटिलता अब्रप्शियो प्लेसेंटी के प्रति चिकित्सकों एवं मेडिकल विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना तथा समय पर पहचान, त्वरित उपचार और बेहतर मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुनिश्चित करना रहा।
स्त्री रोग विभागध्यक्ष डॉ सीमा द्विवेदी ने बताया कि अब्रप्शियो प्लेसेंटी वह स्थिति है जिसमें प्रसव से पहले गर्भाशय की दीवार से सामान्य रूप से स्थित अपरा (प्लेसेंटां) आंशिक या पूर्ण रूप से अलग हो जाती है। इसके कारण माँ को गंभीर रक्तस्राव हो सकता है तथा गर्भस्थ शिशु तक ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की आपूर्ति अचानक कम हो सकती है। इसे प्रसूति विज्ञान की एक महत्वपूर्ण आपातकालीन स्थिति माना जाता है। उन्होंने बताया कि उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों के अनुसार, लगभग 0.4-1 प्रतिशत गर्भावस्थाएँ इस जटिलता से प्रभावित होती हैं। इसकी वास्तविक दर विभिन्न आबादियों एवं अस्पतालों में अलग-अलग हो सकती है। यह गर्भावस्था के उत्तरार्ध में रक्तस्राव का एक महत्वपूर्ण कारण है और मातृ एवं नवजात रुग्णता तथा मृत्यु के जोखिम को बढ़ा सकती है। इस स्थिति में योनि से रक्तस्राव, पेट या पीठ में अचानक दर्द, गर्भाशय में दर्द अथवा लगातार कसाव और भ्रूण की हृदय गति में असामान्यता जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, कुछ मामलों में रक्तस्राव गर्भाशय के भीतर छिपा रह सकता है, जिससे बाहर दिखाई देने वाला रक्तस्राव वास्तविक गंभीरता का सही अनुमान नहीं दे पाता। इसी कारण इसे एक संभावित “साइलेंट स्पाइक” कहा जा सकता है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. शैली अग्रवाल ने अब्रप्शियो प्लेसेंटी की शीघ्र पहचान, मातृ स्थिति का तत्काल आकलन, भू्रण की निगरानी, रक्तस्राव एवं रक्त-जमाव संबंधी विकारों का प्रबंधन और आवश्यकता के अनुसार शीघ्र प्रसव कराने की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस दौरान मुख्य अतिथि डॉ. किरण पांडे, अध्यक्ष, यूपीकॉग्स एवं कानपुर मेनोपॉज सोसाइटी, तथा आयोजक डॉ. सीमा द्विवेदी, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग, के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. नीना गुप्ता, डॉ. रेनू गुप्ता एवं डॉ. बंदना शर्मा ने की।
साइलेंट स्पाइक डीलिंग विथ डेडली एब्रप्शन विषय पर शैक्षणिक कार्यक्रम हुआ आयोजित

- Advertisement -



