कुशीनगर, 13 अक्टूबर । कुशीनगर जिले में जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर माह सितंबर में विभिन्न विभागों की प्राप्त ग्रेडिंग एवं रैंकिंग तथा जनपद में संचालित विकास एवं निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए बी, सी एवं डी ग्रेड प्राप्त करने वाले विभागों के प्रति नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों को अपनी रैंकिंग में तत्काल सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करें। कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली परियोजना है। इसके निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने क्लासरूम, बाउंड्री वॉल, हॉस्टल, लाइब्रेरी सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को अक्टूबर माह के अंत तक हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा विश्वविद्यालय का कभी भी निरीक्षण किया जा सकता है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्यों को तेजी से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित सभी लंबित एवं निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं के लिए धनराशि उपलब्ध है, उनमें बिना किसी अनावश्यक विलंब के तेजी लाई जाए। संबंधित अधिकारी परियोजनाओं की नियमित निगरानी करें तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराएं।
पर्यटन विभाग की विलंबित परियोजनाओं एवं विभागीय रैंकिंग में गिरावट पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों का लाभ समय से आमजन तक पहुंच सके।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) एवं सिंचाई विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समय से पूर्ण कराए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्माण कार्यों के पूर्ण होने पर शत प्रतिशत भुगतान तत्काल सुनिश्चित किये जाने का भी निर्देश सभी सम्बन्धित को दिए
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं, निर्माण कार्यों एवं परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति में सुधार लाएं। सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों एवं रैंकिंग को गंभीरता से लेते हुए विभागीय कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाएं, जिससे जनपद की समग्र रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री वंदिता श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, परियोजना निदेशक प्यून सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम डैशबोर्ड में बी, सी और डी ग्रेड वाले विभाग रैंकिंग में सुधार लाएं: संजय चौहान

- Advertisement -



