अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान का जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन
*देवरिया 12 अक्टूबर। देवरिया जिले में जिला कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन एवं जिला प्रशासन के बीच चल रहा गतिरोध आज वार्ता के बाद समाप्त हो गया। जिला बार एसोसिएशन अपनी कुछ मांगों को लेकर प्रशासन के समक्ष उनके समाधान की मांग कर रहा था। आज इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें उन्होंने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं की समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने शौचालय, पोस्ट ऑफिस एवं अन्य समस्याओं के निस्तारण सहित विभिन्न मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया, जिसके फलस्वरूप अधिवक्ताओं ने अपना गतिरोध समाप्त करने पर सहमति जताई।
आयोजित वार्ता में मुख्य राजस्व अधिकारी चन्द्रेश कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज प्रसाद राठौर, डीजीसी नवनीत मालवीय सहित जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतम मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




