जीएसवीएम में पैथोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी का छात्रो ने लिया प्रशिक्षण
कानपुर। पं. जवाहरलाल नेहरू राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक (जीएसवीएम) मेडिकल कॉलेज की अत्याधुनिक पैथोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी प्रयोगशालाओं का अध्ययन भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों को अत्याधुनिक परीक्षण तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) लुबना खान, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मधु यादव और डॉ. रुचि गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्रों ने पैथोलॉजी लैब, हिस्टोपैथोलॉजी, कोविड लैब (पीसीआर एवं एलिसा लैब) के साथ-साथ हैलट अस्पताल के आपातकालीन विभाग में 24 घंटे संचालित होने वाली हेमेटोलॉजी लैब का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान परास्नातक छात्रों ने आधुनिक प्रयोगशालाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार उन्नत तकनीकों के माध्यम से गंभीर बीमारियों का समय पर सटीक निदान संभव होता है, जिससे मरीजों को त्वरित इलाज का लाभ मिलता है। होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हर्षवर्धन सिंह भदौरिया ने इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला और दोनों विभागाध्यक्षों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग प्रभारी डॉ. पुनीत कुमार मिश्र ने इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने के लिए डॉ. संजय काला, विभागाध्यक्षों तथा विभाग के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों का हृदय से धन्यवाद किया।
होम्योपैथिक छात्रों को मिला आधुनिक लैब का अनुभव

- Advertisement -



