देवरिया, 05 अक्टूबर । देवरिया जिले के देवरिया शहर स्थित महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में सोमवार भोर एक मरीज की दूसरी मंजिल के वार्ड की खिड़की से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई। घटना से मेडिकल कॉलेज में सनसनी फैल गई।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के महदेवा बाजार निवासी रामानुज चौहान (62) के रूप में हुई है। वह लीवर की बीमारी से पीड़ित था और मेडिकल कॉलेज में भर्ती था। वह संदिग्ध परिस्थितियों में दूसरी मंजिल की खिड़की से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने लिखित रूप से शव का पोस्टमार्टम न कराने की अर्जी देकर शव को एंबुलेंस से लेकर चले गए।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर तहसीलदार अलका सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। कुछ महीने पहले ही एक इंजीनियर का शव कॉलेज की पानी की टंकी में मिला था, जिसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। अब मरीज की खिड़की से गिरकर मौत से सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीज की खिड़की से गिरकर मौत, डीएम ने बैठाई जांच

- Advertisement -



