राज्यउत्तर प्रदेशफरियादियों की सुनवाई में लापरवाही नहीं चलेगी: डीएम...

फरियादियों की सुनवाई में लापरवाही नहीं चलेगी: डीएम ने गैरहाजिर अफसरों से से मांगा जवाब

लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। फरियादियों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शनिवार को तहसील शाहाबाद में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों की अनुपस्थिति और देरी से पहुंचने पर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों का जवाब तलब करने के निर्देश दिए।

WhatsApp Image 2026 10 03 at 4.07.53 PM
संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने आमजन की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान जिला आबकारी अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तथा आबकारी निरीक्षक शाहाबाद सहित कुछ अधिकारी अनुपस्थित मिले या विलंब से पहुंचे। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
हर शिकायत का समयबद्ध निस्तारण हो
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका नियमानुसार समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि फरियादियों को वास्तविक राहत दिलाने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उनका मौके पर ही निस्तारण किया जाए। विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
भूमि विवादों में पुलिस-राजस्व समन्वय पर जोर
राजस्व और भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुनें और तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।
डीएम ने कहा कि मौके पर जाकर शिकायतों का वास्तविक समाधान करने से अनावश्यक विवादों को बढ़ने से रोका जा सकता है। इसलिए अधिकारी शिकायतों को लंबित रखने के बजाय प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करें।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों और प्रकरणों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि पीड़ितों और फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उनकी समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी जेबी शैडें, उप जिलाधिकारी शाहाबाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -