लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई, 20 सितंबर( वेबवार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हरदोई में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 अक्टूबर तक जिले में नुक्कड़ नाटकों और नाट्य मंचनों के माध्यम से प्रधानमंत्री की सार्वजनिक जीवन यात्रा को प्रस्तुत किया जाएगा। इसकी जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने दी।उन्होंने बताया कि नाट्य प्रस्तुतियों में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा को संवाद, अभिनय और संगीत के माध्यम से मंचित किया जाएगा। इसमें सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को शामिल किया जाएगा।अभियान के तहत हर विधानसभा में 30 नुक्कड़ नाटकों एवं नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।भाजपा जिलाध्यक्ष के मुताबिक, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, ताकि कला एवं नाटक के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और सुशासन से जुड़े संदेश आम लोगों तक पहुंचाए जा सकें।प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा है। इसके तहत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ समेत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़े कार्यों को जनसंवाद का हिस्सा बनाने की योजना है।
प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष एवं सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक आकाश सिंह, कार्यक्रम संयोजक आजाद भदौरिया, जिला मीडिया प्रभारी अतुल सिंह, सह मीडिया प्रभारी परेश लोहिया और आयुष कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




