गोरखपुर, 16 सितंबर (वेब वार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने उर्वरक नगर में गोरखपुर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में लगभग 1.10 करोड़ वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को 12,000 रुपये वार्षिक पेंशन दी जा रही है। सरकार पेंशन पाने वाले लाभार्थियों की संख्या और राशि में वृद्धि करने की दिशा में काम करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर से एक सप्ताह तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
उर्वरक नगर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण
विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उर्वरक नगर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया और इसकी सुविधाओं का अवलोकन किया। कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले जिस स्थान पर डेढ़ से दो मीटर गहरा गड्ढा, कूड़ा और गंदगी थी, वहां अब भव्य कल्याण मंडपम बनकर तैयार हो गया है। इस परिसर में गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह, बच्चों के मुंडन संस्कार, प्रवचन, सम्मेलन और विकास संबंधी बैठकों सहित विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और अच्छे जनप्रतिनिधियों के चयन से विकास कार्यों के परिणाम सामने आते हैं।
गोरखपुर में 10 कल्याण मंडपम होंगे उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने बताया कि विधायक निधि के उपयोग की कार्ययोजना तैयार करते समय गोरखपुर महानगर में ऐसे नौ स्थान चिह्नित किए गए थे, जहां महंगे होटल या बड़े विवाह भवन उपलब्ध नहीं थे। इन स्थानों पर कुछ कल्याण मंडपम विधायक निधि, कुछ नगर निगम और कुछ विकास प्राधिकरण के माध्यम से विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बाबा गंभीरनाथ वार्ड मानबेला, वार्ड संख्या-22 तुलसीराम जंगल, तुलसीराम बिछिया, वार्ड संख्या-10 महादेव नगर मौजा जंगल बेनी माधव और वार्ड संख्या-80 राप्तीनगर मौजा बसारतपुर में कल्याण मंडपम बनकर जनता को समर्पित किए जा चुके हैं। वार्ड संख्या-54 उर्वरक नगर के कल्याण मंडपम का लोकार्पण भी कर दिया गया है।
इसके अलावा महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-2, वार्ड संख्या-7, महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-3 तथा वार्ड संख्या-2 बाबा राघव दास, मौजा सेमरा में कल्याण मंडपमों का निर्माण कार्य जारी है। विधायक निधि से एक और कल्याण मंडपम स्वीकृत किया गया है। इस प्रकार गोरखपुर महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 10 कल्याण मंडपम उपलब्ध होने की जानकारी दी गई।
कल्याण मंडपम में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने उर्वरक नगर स्थित कल्याण मंडपम की सुविधाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां विशाल प्रांगण, पार्किंग और भोजनालय की व्यवस्था की गई है। दो मंजिला भवन में बड़ा सभागार, छोटा सभागार और चार कमरे बनाए गए हैं। उन्होंने निर्माणाधीन कल्याण मंडपमों का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर में नागरिकों का जीवन स्तर वहां उपलब्ध नागरिक सुविधाओं से निर्धारित होता है। होटल, भोजनालय, कल्याण मंडपम, सम्मेलन केंद्र और विवाह भवन जैसी सुविधाओं के साथ सुरक्षित वातावरण भी आवश्यक है।
छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बिना भेदभाव रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बेसिक और माध्यमिक शिक्षा समेत विभिन्न विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक, प्रवक्ता तथा बेसिक शिक्षा परिषद के शहरी क्षेत्रों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर से शुरू होने वाले भर्ती अभियान में अकेले पुलिस और होमगार्ड विभाग में लगभग 77 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से अब तक लगभग साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्तमान सरकार ने पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के माध्यम से युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने का कार्य किया है।
गोरखपुर में बुनियादी ढांचे के विस्तार का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। अब लोग पर्व-त्योहार और सामाजिक कार्यक्रम सुरक्षित वातावरण में आयोजित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ आधारभूत ढांचे का विकास भी आवश्यक है।
उन्होंने गोरखपुर में बरगदवा-नकहा-स्पोर्ट्स कॉलेज-पादरी बाजार होते हुए मोहद्दीपुर तक चार लेन सड़क, नकहा में पुल, रेलवे उपरिगामी पुल और अन्य चौड़ी सड़कों के निर्माण का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि बंद उर्वरक कारखाने को पुनः शुरू किया गया है। स्पोर्ट्स कॉलेज में सुविधाओं के विस्तार और उर्वरक नगर में सैनिक स्कूल की शुरुआत से स्थानीय बच्चों को बेहतर अवसर मिलने की बात भी उन्होंने कही।
उन्होंने गोरखनाथ-स्पोर्ट्स कॉलेज मार्ग, उर्वरक-झंगिया गेट मार्ग तथा असुरन चौराहा-मेडिकल कॉलेज-भटहट मार्ग के चार लेन निर्माण का उल्लेख किया। रुस्तमपुर, आजाद चौक और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में उपरिगामी पुलों से यातायात सुगम होने तथा रामगढ़ताल के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलने की जानकारी दी।
मस्तिष्क ज्वर पर नियंत्रण और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में मस्तिष्क ज्वर की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती वर्षों में इस बीमारी के कारण बड़ी संख्या में बच्चों की मृत्यु होती थी। उन्होंने बताया कि सांसद रहते हुए उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए आंदोलन किया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार बनने के बाद प्रभावी रणनीति के माध्यम से दो वर्ष में चार दशक से चली आ रही इस गंभीर समस्या पर नियंत्रण प्राप्त किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गोरखपुर में एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज समेत उच्चस्तरीय चिकित्सा संस्थान उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए दूर के शहरों में जाने की आवश्यकता कम हुई है।
गरीबों और वंचित वर्गों के लिए योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को बिना भेदभाव जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। उन्होंने गरीब परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न, आवास, शौचालय और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने का उल्लेख किया। उन्होंने बेटियों की शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा विवाह के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के संचालन की जानकारी दी।
गोरखपुर में 500 से अधिक उद्योग स्थापित होने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला राज्य बन रहा है। उन्होंने एक्सप्रेस-वे, रेलवे, मेट्रो, हवाई संपर्क और नए हवाई अड्डों के विकास से औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि की बात कही।
मुख्यमंत्री के अनुसार, गोरखपुर में 500 से अधिक उद्योग स्थापित हुए हैं और लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में आसपास के जिलों के युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने विकास को स्पष्ट नीति, स्वच्छ नीयत और जनता को केंद्र में रखकर लिए गए निर्णयों का परिणाम बताया। मुख्यमंत्री ने जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर होने वाले विभाजन से बचने तथा विकास, सुशासन और सुरक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर, विपिन सिंह, महेंद्र पाल सिंह, प्रदीप शुक्ला, श्रीराम चौहान, डॉ. विमलेश पासवान, इंजीनियर सरवन कुमार निषाद, गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव तथा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




