लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने 18वें ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता को लेकर बड़ा सियासी बयान दिया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के बाद दुनियाभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और प्रभाव तेजी से बढ़ा है। ब्रिक्स देशों की अलग करेंसी की घोषणा को उन्होंने वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव बताते हुए कहा कि आने वाले समय में डॉलर का दबदबा कमजोर होगा।
नरेश अग्रवाल ने भारत-चीन के बीच हुई सौहार्दपूर्ण वार्ता के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के रिश्ते अब सामान्य होने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। वहीं, अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ को लेकर भी उन्होंने जल्द राहत मिलने की संभावना जताई।
2027 में हरदोई की सभी सीटों पर जीत का दावा
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर नरेश अग्रवाल ने दावा किया कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतरेगी और हरदोई की सभी आठ विधानसभा सीटों पर कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
‘पहले पार्टी छोड़ो, फिर चुनाव लड़ो’
अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में नरेश अग्रवाल ने पार्टी संगठन में अनुशासन को लेकर भी दो टूक बात कही। उन्होंने कहा कि जो लोग भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ना चाहते हैं, उन्हें पहले पार्टी छोड़नी चाहिए और उसके बाद चुनाव लड़ने की घोषणा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति चुनाव लड़े या कोई राजनीतिक दल किसी को मैदान में उतारे, भाजपा चुनाव से डरने वाली नहीं है। नरेश अग्रवाल ने कहा कि हरदोई की जनता करीब 50 वर्षों से उन्हें अपना समर्थन देती आई है और उन्हें भरोसा है कि यह विश्वास आगे भी कायम रहेगा।
‘हरदोई को जीरो गुंडा जिला बनाना लक्ष्य’
कानून-व्यवस्था के सवाल पर नरेश अग्रवाल ने कहा कि हरदोई को ‘जीरो गुंडा’ जिला बनाना उनका लक्ष्य है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने संगठन में अनुशासन को सफलता की पहली शर्त बताते हुए कहा कि यदि संगठन ऊहापोह की स्थिति में रहेगा तो उसका असर निश्चित रूप से पड़ेगा।
हरदोई की सभी आठ सीटों पर खिलेगा कमल, डॉलर का दबदबा होगा खत्म: नरेश अग्रवाल

- Advertisement -



