राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में पत्नी की विदाई कराने आए युवक...

हरदोई में पत्नी की विदाई कराने आए युवक की मौत, पत्नी समेत चार पर हत्या का आरोप

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई( वेबवार्ता) कासिमपुर थाना क्षेत्र के रामपुर भटौली गांव में पत्नी को विदा कराने ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर पत्नी समेत चार नामजद लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतक की पहचान रामदीन निवासी गुलाबी खेड़ा, थाना कासिमपुर के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी करते थे। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को ग्राम सतावन खेड़ा मजरा रामपुर भटौली निवासी पप्पू के घर उनके दामाद रामदीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
बताया गया कि रामदीन रविवार शाम अपनी पत्नी आशा को विदा कराने रामपुर भटौली स्थित अपने ससुर पप्पू के घर पहुंचे थे। देर रात उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोगों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
मृतक के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि रात करीब 11 बजे रामदीन की पत्नी आशा, उसकी बहन कुसमा, बिटान और लल्लू ने मिलकर रामदीन के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोप है कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद रामदीन की मौत हो गई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगी।
तहरीर के आधार पर कासिमपुर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक, अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
इधर, घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने शव को संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी संडीला श्लोक गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया जा सका।
पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर गांव में भी तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -