लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता) सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांव इन दिनों भीषण बाढ़ और जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान हुआ है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन व आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
स्थिति का जायजा लेने के लिए स्थानीय विधायक कुं. माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ ने बाढ़ प्रभावित गांवों—जीवनपुरवा, निकामतपुर, करनपुर, चंद्रमपुर, सुदनीपुर, अलीशेरपुरवा और शिशैयापुरवा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही राहत सामग्री का वितरण किया।
प्रशासन को दिए सख्त निर्देश:
फसल व मकान क्षतिपूर्ति: विधायक ने एसडीएम शिवानी सिंह को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों और क्षतिग्रस्त मकानों का त्वरित सर्वे कराकर पात्र परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाया जाए।
स्वास्थ्य एवं स्वच्छता: चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद पाण्डेय को प्रभावित गांवों में नियमित मेडिकल कैंप लगाने के आदेश दिए ताकि संक्रामक बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।
पशु सुरक्षा: पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हरिमोहन को पशुओं के टीकाकरण और चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मार्ग मरम्मत: लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को जलभराव से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का सर्वे कर जल्द से जल्द मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
विधायक रानू ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रभावित परिवारों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।




