राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में शारदा नहर में डूबे शिक्षक की...

हरदोई में शारदा नहर में डूबे शिक्षक की मौत, बरौना के पास मिला शव

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई (वेब वार्ता) विद्यालय की ओर निकला एक युवा शिक्षक रास्ते में ही जिंदगी की जंग हार गया। रोज की तरह बच्चों के भविष्य को संवारने निकले 29 वर्षीय सहायक अध्यापक अवनीश पटेल के कदम विद्यालय की दहलीज तक पहुंचने से पहले ही मौत ने उनका रास्ता रोक लिया। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह सामने आए बंदर से बाइक टकराने के बाद अनियंत्रित होकर शारदा नहर में जा गिरी। घंटों चली तलाश के बाद बरौना गांव के पास गोताखोरों ने शिक्षक का शव बरामद किया तो परिवार की बची-खुची उम्मीद भी नहर की गहराइयों में समा गई।अवनीश पटेल पुत्र शिवपाल, निवासी तेंदुआ, बालामऊ के पैरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह वह बाइक से विद्यालय के लिए निकले थे। संडीला मार्ग पर शारदा नहर के समीप अचानक एक बंदर उनके सामने आ गया। देखते ही देखते बाइक अनियंत्रित हुई और अवनीश बाइक समेत नहर के गहरे पानी में जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों ने नहर में तलाश शुरू की। किनारे पर खड़े परिजन और ग्रामीण टकटकी लगाए उस पल की प्रतीक्षा करते रहे, जब पानी से अवनीश के सकुशल बाहर आने की खबर मिले। हर गुजरते पल के साथ बेचैनी बढ़ती रही और उम्मीदें टूटने के भय से आंखें नम होती रहीं।
आखिरकार बरौना गांव के पास गोताखोरों को अवनीश का शव मिला। जिस क्षण उनके सकुशल लौटने की आस थी, उसी क्षण उनकी मौत की खबर ने परिवार को भीतर तक तोड़ दिया। घर का युवा बेटा, परिवार का सहारा और बच्चों को शिक्षा की राह दिखाने वाला शिक्षक अब कभी लौटकर नहीं आएगा।मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ घंटे पहले बेटे के विद्यालय से लौटने की प्रतीक्षा थी, वहां मातम पसरा गया। इस हृदयविदारक हादसे ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -