लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता) मल्लावां क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार सहायक अध्यापक शारदा नहर में जा गिरा। तेंदुआ गांव के निकट हुए हादसे के बाद शिक्षक की तलाश में पुलिस, ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। नहर का बहाव तेज होने के कारण शिक्षक के बह जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं हादसे में बंदर की मौके पर ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवनीश पटेल (32 वर्ष) पुत्र शिवपाल सिंह प्राथमिक विद्यालय पैरा कछौना में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह मोटरसाइकिल से विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ गांव के समीप शारदा नहर के किनारे पेड़ पर बैठे एक बंदर ने अचानक उनकी बाइक की ओर छलांग लगा दी।
अचानक सामने आए बंदर से बाइक की टक्कर हो गई। इससे शिक्षक हड़बड़ा गए और मोटरसाइकिल पर नियंत्रण खो बैठे। अनियंत्रित बाइक पुल की रेलिंग से टकरा गई और शिक्षक बाइक समेत सीधे शारदा नहर में जा गिरे। हादसे में बंदर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने नहर में शिक्षक की तलाश शुरू कर दी। शिक्षक की तलाश में रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है।
नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाश अभियान में कठिनाइयां आ रही हैं। रेस्क्यू टीम संभावित स्थानों पर लगातार शिक्षक की खोज कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही शिक्षक के परिजन और विद्यालय स्टाफ भी मौके पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मचा है और सभी शिक्षक की सकुशल बरामदगी की प्रार्थना कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और राहत-बचाव टीम शिक्षक की तलाश में जुटी हुई है। रेस्क्यू अभियान के परिणाम का इंतजार किया जा रहा है।




