हरदोई( वेबवार्ता) अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल शीघ्र लागू किए जाने की मांग को लेकर बुधवार को हरदोई अधिवक्ता संघ की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और एकजुट होकर अपनी मांग को शासन तक पहुंचाने की आवाज बुलंद की।
अधिवक्ता संघ का कहना है कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं। वे अपने पक्षकारों को न्याय दिलाने के लिए लगातार न्यायालयों में पैरवी करते हैं, लेकिन पेशेवर दायित्वों के निर्वहन के दौरान कई बार उन्हें धमकी, दबाव, उत्पीड़न और असुरक्षा जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानूनी संरक्षण आवश्यक है।
ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदेश में लंबे समय से लंबित अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल को शीघ्र लागू किया जाए, ताकि अधिवक्ताओं के साथ होने वाली हिंसा, धमकी और अन्य घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके तथा वे निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा केवल उनका व्यक्तिगत मुद्दा नहीं है, बल्कि यह न्याय व्यवस्था की मजबूती और निष्पक्ष न्याय दिलाने से भी सीधे जुड़ा विषय है। शासन को इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान हरदोई अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जेपी त्रिवेदी, महामंत्री पंकज सिंह सहित पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल लागू कराने की मांग, अधिवक्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

- Advertisement -



