राज्यमध्य प्रदेशमोती मस्जिद के सामने बैरिकेड हटाने की मांग...

मोती मस्जिद के सामने बैरिकेड हटाने की मांग तेज, व्यापारियों ने निकाली रैली

-इरशान सईद

भोपाल, 04 अगस्त (वेब वार्ता)। भोपाल के मोती मस्जिद के सामने लगे बैरिकेड को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को व्यापारियों ने रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना है कि बैरिकेड के कारण पुराने शहर के प्रमुख बाजारों तक पहुंचने में लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 07 अगस्त तक बैरिकेड नहीं हटाए गए तो बाजार बंद कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

व्यापारियों के अनुसार मोती मस्जिद के सामने इकबाल मैदान चौराहे पर लगाए गए बैरिकेड के कारण भोज सेतु की ओर से आने वाले वाहनों को सदर मंजिल, चिरायु अस्पताल होते हुए लखेरापुरा, चौक बाजार, सराफा, जुमेराती, बुधवारा और इब्राहिमपुरा सहित अन्य बाजारों तक पहुंचना पड़ता है। पहले इन बाजारों तक सीधा आवागमन संभव था, लेकिन वर्तमान व्यवस्था से लोगों और व्यापारियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

भोपाल: मोती मस्जिद बैरिकेड हटाने की मांग पर व्यापारियों की रैली, 7 अगस्त से आंदोलन की चेतावनीव्यापारियों ने आरोप लगाया कि 01 अगस्त को चौक बाजार स्थित लगभग 100 वर्ष पुरानी कपड़ा दुकान में लगी आग के दौरान भी दमकल वाहन बैरिकेड के कारण समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके, जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई। इसके बाद से व्यापारियों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ गई है।

मंगलवार को लखेरापुरा स्थित मोती मन्नू धर्मशाला में व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से मोती मस्जिद के सामने लगे बैरिकेड हटाने की मांग की गई। व्यापारियों का कहना है कि इससे बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी, बल्कि आम लोगों और व्यापारियों को आवागमन में राहत मिलेगी।

बैठक के बाद व्यापारियों ने रैली निकालकर बैरिकेड स्थल तक मार्च किया और नारेबाजी करते हुए तत्काल बैरिकेड हटाने की मांग की। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 7 अगस्त तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो पुराने शहर के प्रमुख बाजार बंद रखकर व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा।

व्यापारी संघ के अध्यक्ष अभिषेक जैन ने कहा कि जब तक बैरिकेड नहीं हटाए जाते, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को लेकर प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला है।

रैली और बैठक में भोपाल व्यापारी महासंघ, श्री सराफा संघ, राजधानी वस्त्र व्यवसायी संघ, पुराने भोपाल थोक रेडीमेड संघ, आजाद मार्केट व्यापारी संघ, नदीम रोड व्यापारी संघ तथा इब्राहिमपुरा व्यापारी संघ सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -