रायपुर, 8 जुलाई (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ में लगातार कई दिनों तक हुई झमाझम बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बुधवार से प्रदेश में वर्षा की तीव्रता कम होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। राजधानी रायपुर में भी दो दिनों बाद धूप निकलने से लोगों को लगातार हो रही बारिश से कुछ राहत मिली।
हालांकि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कमजोर पड़ रहा है निम्न दबाव का क्षेत्र
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और इसके कमजोर होने की संभावना है। वहीं मानसूनी द्रोणिका उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इसके अलावा अरब सागर से बांग्लादेश तक सक्रिय एक चक्रवाती परिसंचरण का भी मौसम पर प्रभाव बना हुआ है।
इन मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा जारी रह सकती है, लेकिन फिलहाल व्यापक और भारी बारिश की संभावना कम हो गई है।
पिछले 24 घंटे में कई क्षेत्रों में हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा हुई, जबकि राजधानी रायपुर में केवल हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजनांदगांव और पेंड्रा रोड प्रदेश के सबसे ठंडे स्थान रहे, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में बादल और हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और आकाशीय बिजली के समय आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।




