राज्यउत्तराखण्डभवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पुलिस हिरासत...

भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पुलिस हिरासत में, गंभीर आरोपों की जांच तेज

नैनीताल, 8 जुलाई (वेब वार्ता)। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे को मंगलवार देर रात पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। उनके खिलाफ एक छात्रा की शिकायत पर लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, दुष्कर्म, कथित जबरन गर्भपात, ब्लैकमेलिंग और अन्य गंभीर आरोपों में मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार नैनीताल के एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्रा ने नरेश पांडे पर शारीरिक शोषण, दबाव बनाकर गर्भपात कराने तथा अन्य गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत के आधार पर मल्लीताल कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में नरेश पांडे की अग्रिम जमानत याचिका निचली अदालत और बाद में उत्तराखंड उच्च न्यायालय से भी खारिज हो चुकी है।

घर पहुंची पुलिस, सामाजिक माध्यम पर आए लाइव

पुलिस को सूचना मिली कि नरेश पांडे अपने घर पर मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम मंगलवार रात उनके आवास पहुंची। इस दौरान नरेश पांडे सामाजिक माध्यम पर सीधा प्रसारण करने लगे और पुलिस पर उत्पीड़न के आरोप लगाए। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर चली गई। समाचार लिखे जाने तक उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई थी।

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सीधे प्रसारण के दौरान नरेश पांडे ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना वारंट उनके घर पहुंची और परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ धक्का-मुक्की की तथा परिवार के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। साथ ही उन्होंने स्वयं के जहर पीने का दावा भी किया। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस ने आरोपों को बताया भ्रामक

पुलिस ने नरेश पांडे के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि आरोपी जांच को प्रभावित करने और भ्रामक माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। पुलिस के अनुसार उनके खिलाफ दर्ज मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अन्य महिलाओं ने भी दिए साक्ष्य

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार मामले में कुछ अन्य महिलाओं ने भी पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं। पुलिस इन सभी तथ्यों की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी रहे हैं विवादों में

नरेश पांडे पहले भी अपने निजी सुरक्षा कर्मियों को लेकर चर्चा में रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान उनके सुरक्षा कर्मियों से भी पूछताछ की थी तथा उनके शस्त्र लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नरेश पांडे के खिलाफ दर्ज मामले में गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान मिले महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -