खंडवा, 1 जून (वेब वार्ता)। जिले में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और उसकी चपेट में मोटर साइकिल आ गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 11 किलोमीटर दूर जैतापुर थाना क्षेत्र के मगरिया गांव के पास खंडवा-बड़ौदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मिनी बस चालक सामने से आ रही कार को बचाने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क पर पलट गई।
हादसे की चपेट में आई मोटर साइकिल पर सवार 40 वर्षीय मोनू और उनकी 16 वर्षीय बेटी अनीता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोटर साइकिल चला रहे परिवार के एक अन्य सदस्य को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना में मिनी बस में सवार 17 अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कुंदन सिंह सिसोदिया ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है। इनमें से तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती किया गया है।
पुलिस के अनुसार मिनी बस खंडवा जिले के पीपलोद क्षेत्र की ओर जा रही थी, जबकि मोटर साइकिल सवार परिवार बड़वानी जिले के जुलवानिया की दिशा में यात्रा कर रहा था। बस में सवार लोग एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।




