मुंबई, 24 मई (वेब वार्ता)। मध्य मुंबई स्थित नगर निगम संचालित सायन अस्पताल परिसर में गैस पाइपलाइन में रिसाव की सूचना मिलने से देर रात हड़कंप मच गया। घटना के बाद दमकल विभाग, पुलिस और गैस कंपनी की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राहत और सुरक्षा अभियान शुरू किया।
अधिकारियों के अनुसार यह घटना अस्पताल परिसर के भीतर महाविद्यालय भवन के पास गेट नंबर-1 के नजदीक रात करीब 11 बजे सामने आई। प्रारंभिक जानकारी में महानगर गैस लिमिटेड की पाइपलाइन में रिसाव की बात कही गई है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही मुंबई अग्निशमन विभाग सक्रिय हो गया और एहतियात के तौर पर कम से कम चार दमकल इंजनों सहित अन्य अग्निशमन वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। राहत कार्य के दौरान क्षेत्र को सुरक्षित रखने और किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
दमकल कर्मियों के साथ पुलिस और महानगर गैस लिमिटेड के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। संयुक्त रूप से पाइपलाइन की स्थिति की जांच की गई और रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई ताकि मरीजों, चिकित्साकर्मियों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल गैस रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित एजेंसियां सतर्क हैं।




