रतलाम, 17 मई (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश के रतलाम के पास रविवार सुबह राजधानी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया। करीब 15 मिनट के भीतर बी-1 कोच में मौजूद सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह घटना पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई। जानकारी के अनुसार, दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस की बी-1 तृतीय वातानुकूलित बोगी में अचानक आग लग गई थी।
कोच के नीचे से उठा धुआं, फिर फैल गई आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में कोच के नीचे से घना धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और बी-1 कोच के साथ उससे सटे लगेज ब्रेक वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं।
स्थिति गंभीर होते देख ट्रेन के गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी। इसके बाद तेज रफ्तार ट्रेन को तत्काल रोका गया और यात्रियों को सुरक्षित दूसरे कोचों में पहुंचाया गया।
आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ जवान और रेलवे कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। अधिकारियों के अनुसार, सभी यात्रियों को बिना किसी घबराहट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने के कारण किसी भी यात्री को चोट नहीं पहुंची।
दमकल विभाग की टीम और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर ओवरहेड बिजली सप्लाई बंद कर दी गई और क्षतिग्रस्त कोचों को ट्रेन से अलग किया गया।
रेल यातायात हुआ प्रभावित
इस घटना के कारण नई दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए रेल संचालन प्रभावित रहा। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इनमें मुंबई-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी शामिल रही। बाद में ट्रैक साफ होने के बाद रेल परिचालन धीरे-धीरे सामान्य किया गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं ताकि वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों की यात्रा पूरी कराने के लिए कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है। घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों की तत्परता की सराहना की। कई यात्रियों का कहना था कि यदि कुछ मिनट की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
रेल यातायात पूरी तरह सामान्य करने की तैयारी
कोटा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक ललित कुमार धुरंधर ने बताया कि क्षतिग्रस्त तार को सफलतापूर्वक ठीक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बहाली कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है और जल्द ही पूरे सेक्शन में रेल यातायात पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग का पूरा सहयोग मिला, जिससे राहत और मरम्मत कार्य तेजी से पूरा हो सका। आग से प्रभावित कोच फिलहाल लूनी रिछा स्टेशन पर खड़े हैं, जहां फॉरेंसिक टीम आगे की जांच करेगी। अधिकारियों के अनुसार, कई ट्रेनों का संचालन एकल लाइन व्यवस्था के जरिए सफलतापूर्वक किया गया।




