छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट

- Advertisement -

रायपुर, 15 मई (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार देर रात और शुक्रवार सुबह बारिश दर्ज की गई। वहीं कई क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार और जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही आंधी और बारिश की भी संभावना बनी हुई है।

वहीं बस्तर संभाग और प्रदेश के कुछ अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय बना हुआ है। इसके अलावा पूर्व-पश्चिम द्रोणिका का प्रभाव भी प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसी वजह से वातावरण में नमी बढ़ी हुई है और मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके चलते 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यहां गरज-चमक, बारिश और अंधड़ चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -